स्वदृष्टि फाउंडेशन

पाठ 6 / 6 · 5 मिनट

इस हफ़्ते कहाँ से शुरू करें

सीधी बात

शुरुआत के लिए तीन चीज़ें तय कीजिए: एक काम (जहाँ रोज़ समय जाता है), एक tool, और एक इंसान जो भेजने से पहले जाँचे। चार हफ़्ते सिर्फ़ इसी पर टिके रहिए, हर हफ़्ते देखिए कि कितना समय बचा और कितनी ग़लतियाँ पकड़ी गईं, फिर अगला क़दम तय कीजिए।

पाँच पाठों में हमने देखा: data आपके पास है, AI के ज़रूरी जवाब जाँचने पड़ते हैं, कौन-सी जानकारी बाहर नहीं जानी चाहिए, कौन-से काम सुरक्षित हैं, और ठगी से कैसे बचें। अब बात करने की है।

एक पन्ने की योजना

एक काग़ज़ लीजिए और चार सवालों के जवाब लिखिए:

  1. कौन-सा काम? वह एक काम जिसमें हर हफ़्ते सबसे ज़्यादा समय जाता है। (जैसे: quotation, payment reminder, बिल की entry)
  2. कौन-सा tool? सिर्फ़ एक। tool बदलते रहने से कुछ सीखने को नहीं मिलता।
  3. कौन जाँचेगा? एक नाम। वही व्यक्ति हर draft भेजने से पहले पढ़ेगा।
  4. कैसे पता चलेगा कि काम आया? जैसे: “हफ़्ते के 3 घंटे बचें, और ग्राहक तक एक भी ग़लत रेट न जाए।“

चार हफ़्ते

  • हफ़्ता 1: सिर्फ़ draft बनवाइए और हर एक ध्यान से पढ़िए। जो सुधारना पड़ा, नोट कीजिए।
  • हफ़्ता 2: जो ग़लतियाँ बार-बार हुईं, उनके हिसाब से AI को बेहतर निर्देश दीजिए (जैसे: “रेट ख़ाली छोड़ो, मैं भरूँगा”)।
  • हफ़्ता 3: देखिए कितना समय बच रहा है। टीम से पूछिए कि उन्हें क्या आसान लगा, क्या नहीं।
  • हफ़्ता 4: फ़ैसला कीजिए: इसी काम में जारी रखें, अगला काम जोड़ें, या दूसरा काम आज़माएँ।

एक उदाहरण (काल्पनिक)

साहिबाबाद की एक इकाई ने पहला काम चुना: payment reminder। tool एक, जाँचने वाली office की एक कर्मचारी। चौथे हफ़्ते तक reminder समय पर जाने लगे और मालिक का हफ़्ते का एक-डेढ़ घंटा बचने लगा। अगला काम उन्होंने quotation का draft चुना।

आगे सीखना

स्वदृष्टि फ़ाउंडेशन एक non-profit है। AI की समझ फैलाना हमारा काम है। हमारे कार्यक्रम पेज पर AI शिक्षा और AI उद्योग के बारे में पढ़िए। नए पाठ इसी कोर्स में जुड़ते रहेंगे।

इस पाठ के उदाहरण काल्पनिक हैं, साहिबाबाद जैसे औद्योगिक इलाक़ों की आम इकाइयों को ध्यान में रखकर लिखे गए हैं। स्वदृष्टि के field diagnostics से असली (नाम बदले हुए) उदाहरण आने पर इन्हें बदला जाएगा।

इस हफ़्ते आज़माएँ

नीचे दी गई एक पन्ने की योजना आज ही भर दीजिए: कौन-सा काम, कौन-सा tool, कौन जाँचेगा, और चार हफ़्ते बाद आप क्या देखकर तय करेंगे कि यह काम आया या नहीं।

आम सवाल

अगर चार हफ़्ते में फ़ायदा न दिखे?

यह भी काम की जानकारी है। या तो काम ग़लत चुना, या tool। दूसरा काम चुनिए। हर कारोबार के लिए हर काम में AI फ़ायदेमंद हो, ज़रूरी नहीं।

क्या इसके लिए किसी को नौकरी पर रखना पड़ेगा?

शुरुआत में नहीं। ये पाठ इसीलिए हैं कि मालिक या office का कोई भरोसेमंद व्यक्ति ख़ुद शुरू कर सके।

स्वदृष्टि से और कैसे सीखें?

हमारे कार्यक्रम पेज पर AI शिक्षा और AI उद्योग के बारे में पढ़िए। हम NCR के औद्योगिक इलाक़ों में field diagnostics की pilot कर रहे हैं।

आख़िरी जाँच: 4 अक्टूबर 2026 · Atin Agarwal, संस्थापक