स्वदृष्टि फाउंडेशन

पाठ 2 / 6 · 6 मिनट

एक सवाल, अलग-अलग जवाब

सीधी बात

AI tool हर बार जवाब नए सिरे से बनाता है, इसलिए एक ही सवाल पर अलग-अलग दिन अलग जवाब आ सकते हैं। मैसेज या चिट्ठी का draft बनाने में यह कोई दिक़्क़त नहीं। लेकिन जहाँ रेट, टैक्स, तारीख़ या ग्राहक से किया वादा तय हो रहा हो, वहाँ AI का जवाब किसी इंसान को जाँचना ही चाहिए।

मान लीजिए आपने अपने accountant से पूछा “इस बिल पर कितना टैक्स लगेगा?” और अगले दिन वही सवाल दोबारा पूछा। आप उम्मीद करेंगे कि जवाब वही होगा।

AI के साथ ऐसा ज़रूरी नहीं है।

ऐसा क्यों होता है

AI tool अपना जवाब हर बार शब्द-दर-शब्द नए सिरे से बनाता है। इसमें थोड़ी-सी अनिश्चितता जान-बूझकर रखी जाती है, ताकि जवाब मशीनी न लगे। नतीजा यह कि एक ही सवाल पर कभी शब्द बदलते हैं, और कभी असली बात भी: कोई रेट, कोई तारीख़, कोई “हाँ” जो अगली बार “ना” बन जाए।

कब यह ठीक है, कब नहीं

AI से क्या करवा रहे हैंअलग जवाब से फ़र्क़ पड़ता है?
चिट्ठी या मैसेज का draft, जिसे आप ख़ुद पढ़कर भेजेंगेज़्यादा नहीं
किसी लंबे काग़ज़ का सारांश अपने लिएथोड़ा, ज़रूरी बात मिलाकर देखें
ग्राहक को रेट, delivery की तारीख़ या वादाहाँ, बहुत
टैक्स, GST, क़ानूनी या पैसों का फ़ैसलाबहुत ज़्यादा, इंसान की जाँच ज़रूरी

सीधा नियम: जिस जवाब पर कोई काम या पैसा टिका हो, उसे AI के भरोसे मत छोड़िए।

एक उदाहरण (काल्पनिक)

साहिबाबाद की एक स्टील fabrication इकाई का accountant AI से पूछता है कि एक ख़ास माल पर GST की दर क्या है। पहली बार जवाब आता है एक दर। दूसरे दिन, नई chat में, उसी सवाल पर दूसरी दर।

अगर पहला जवाब बिना जाँचे invoice में चला जाता, तो बाद में सुधार, नोटिस या ग्राहक से बहस की नौबत आ सकती थी। सही तरीक़ा यह था कि AI के जवाब को GST portal या CA से मिलाया जाए।

10 मिनट की जाँच

कोई भी कारोबारी, बिना किसी तकनीकी जानकारी के, यह जाँच कर सकता है:

  1. अपने काम का एक ज़रूरी सवाल चुनिए।
  2. उसे AI से 5 से 10 बार पूछिए, हर बार नई chat खोलकर, बिल्कुल वही शब्द।
  3. हर जवाब में सिर्फ़ काम की बात देखिए: नंबर, तारीख़, हाँ या ना।
  4. गिनिए कि वह बात कितनी बार बदली।

अगर एक बार भी बदली, तो उस काम में AI का जवाब सीधे इस्तेमाल न करें। उसे draft मानें, फ़ैसला नहीं।

इस पाठ के उदाहरण काल्पनिक हैं, साहिबाबाद जैसे औद्योगिक इलाक़ों की आम इकाइयों को ध्यान में रखकर लिखे गए हैं। स्वदृष्टि के field diagnostics से असली (नाम बदले हुए) उदाहरण आने पर इन्हें बदला जाएगा।

इस हफ़्ते आज़माएँ

अपने काम से जुड़ा एक ज़रूरी सवाल चुनिए (जैसे 'इस माल पर कितना GST लगेगा?')। उसे AI से 5 बार पूछिए, हर बार नई chat खोलकर, बिल्कुल वही शब्द। देखिए कि जवाब में जो बात काम की है (रेट, प्रतिशत, हाँ/ना) वह हर बार वही रही या बदली।

आम सवाल

क्या AI झूठ बोलता है?

जान-बूझकर नहीं। AI अगला सबसे संभावित शब्द चुनकर जवाब बनाता है। इसलिए कभी-कभी बहुत भरोसे से ग़लत बात भी कह देता है। इसी वजह से ज़रूरी जवाबों की जाँच ज़रूरी है।

तो क्या AI पर बिल्कुल भरोसा न करें?

भरोसा काम के हिसाब से कीजिए। draft, सारांश और आइडिया के लिए AI बढ़िया है। जो बात ग्राहक तक जाए या पैसे से जुड़ी हो, उसमें आख़िरी फ़ैसला इंसान का होना चाहिए।

टैक्स और GST के सवालों का पक्का जवाब कहाँ से लें?

सरकारी GST portal, अपने CA या टैक्स सलाहकार से। AI का जवाब सिर्फ़ शुरुआती अंदाज़ा मानिए।

आख़िरी जाँच: 4 अक्टूबर 2026 · Atin Agarwal, संस्थापक